Latest News & Updates

जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने खुले में पढऩे वाले बच्चों को दी जरूरत की चीजें
15-01-2023

फरीदाबाद। मकर संक्रांति के अवसर पर आज श्री सिद्धदाता आश्रम में अधिपति जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने विपन्नता के बावजूद शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को जरूरत का सामान प्रदान किया और जीवन में आगे बढऩे का आशीर्वाद दिया। इसके अलावा भी आज हजारों की संख्या में आश्रम पहुंचे लोगों को रेवड़ी, गज्जक और लंगर का प्रसाद प्राप्त हुआ।

उन्होंने समाज के संपन्न लोगों से अपील की कि वह विपन्नता में जीवन जी रहे लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि भगवान ने हमारे कर्मों और भाग्य के आधार संपन्नता इसीलिए प्रदान की है कि हम विपन्नता में जीवन जीने वालों का सहारा बनें। उनकी मदद करें। स्वामीजी ने कहा कि हम सिद्धदाता आश्रम में नित लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं उन्हें सेवा सुमिरण में लगाकर समाज का भी स्तर बदलने में मदद कर रहे हैं। लेकिन आश्रम के बाहर भी अनेक प्रकल्पों के जरिए उन्हें अच्छाई का संग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

गौरतलब है कि यहां सूरजकुंड मार्ग अनखीर पुलिस चौकी के पास कुछ बच्चे खुले में शिक्षा ग्रहण करते हैं। जिनके पास संसाधन की भारी कमी देखी गई है। स्वामीजी ने यहां से निकलते हुए उन्हें देखा और सेवादारों के माध्यम से उनको यहां बुलाकर उनके सहायतार्थ कुछ सामान की व्यवस्था की जिसमें स्कूल बैग, कॉपियां, पेन्सिल व कुछ खाद्य पदार्थ भी शामिल था। उन्होंने बच्चों से उनके मन की बातें भी जानी। भोजन करवाया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

इसके अलावा भी आज मकर संक्रांति होने से हजारों की संख्या में भक्तगण आश्रम पहुंचे और मंदिर में माथा टेक कर श्री गुरु महाराज जी से आशीर्वाद लिया। सभी को रेवड़ी, गज्जक आदि का प्रसाद एवं शुभाशीर्वाद प्रदान किया गया वहीं सभी ने आयोजित विशाल लंगर में भी प्रसाद प्राप्त किया।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA