Latest News & Updates

दिव्यधाम में धूमधाम से मनाई नृसिंह जयंती
04-05-2023

सेक्टर 44 स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में आयोजित श्री नृसिंह जयंती पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई जिसमें ढोल गाजे बाजे के साथ भक्तजन सम्मिलित हुए। इससे पूर्व यहां जगदगुुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने भगवान नृसिंह का अभिषेक किया और भक्तों को प्रवचन कहे एवं प्रसाद प्रदान किया।

श्री नृसिंह जयंती के अवसर पर सुबह से ही यहां भक्तों की बड़ी संख्या जुटनी शुरू हो गई थी। जहां अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने आराधन, पुण्याहवान व अन्य रीतियों से भगवान का अभिषेक किया। महाराज ने बताया कि नृसिंह रूप में भगवान ने धर्म की रक्षा के लिए अवतार लिया। उन्होंने अपने भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए स्वयं प्रकट होकर यह बता दिया कि वह नाम का सम्मान करते हैं। इस नाम का कलियुग में बड़ा महत्व है। इसलिए परमात्मा के नाम जप से मनुष्य का कल्याण सरलता से हो सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्त को कभी भी अकेला नहीं छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि एक भक्त के जीवन की गारंटी है कि भगवान उस जीव को इस जीवन में भी और उसके बाद के जीवन में भी नहीं भटकने देते।

यहां देर शाम भगवान श्री नृसिंह की उत्सव विग्रह के साथ निकाली गई शोभायात्रा में सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। जिसमें गाजे बाजे ढोल आदि के साथ भक्तों ने मधुर भजनों की धुनों पर जमकर नृत्य करते हुए भगवान की पालकी को उठाने का अवसर प्राप्त किया। भगवान की पालकी को कंधा देने के लिए उनमें एक होड़ सी देखी गई। इस मौके पर अनेक संत, भक्त व संस्कृत शिक्षार्थियों ने भागीदारी की। सभी ने भोजन प्रसाद प्राप्त किया।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA