Latest News & Updates

श्री सिद्धदाता आश्रम श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम - झूला उत्सव संपन्न
24-08-2013

करोड़ों हृदयों पर राज करने वाले भगवान कृष्ण के झूला उत्सव में हजारों लोगों ने भागीदारी कर पुण्य कमाया। मौका था सेक्टर 44 सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम श्री सिद्धदाता आश्रम में आयोजित झूला उत्सव का। इस उत्सव में करीब एक सप्ताह तक हजारों की संख्या में भक्तों ने भगवान को झूला झुलाया और स्वयं को सौभाग्यशाली समझा।

दिव्यधाम में बड़े ही सुंदर झूले में भगवान कृष्ण को देखने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। जहां पर सभी ने उन्हें सुंदर डोरी से बंधे झूले में झुलाने का सौभाग्य प्राप्त किया। यह आयोजन प्रतिवर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक सप्ताह पहले होता है। दिव्यधाम के अधिपति श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने बताया कि भगवान को झूला झुलाने की परंपरा पुरानी है। जिसमें भागीदारी कर नर नारी अपने आपको भगवान के साथ ही मानते हैं। ऐसे भाव को पाने वाले भक्तों के कल्याण में कोई शंका नहीं रहती है। उन्होंने बताया कि दिव्यधाम में 28 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। देर शाम आठ बजे के बाद यहां पर भगवान को अनेक प्रकार से उपचारित पूजन आदि होगा और उसके बाद यहां पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों को करने के लिए वृंदावन-मथुरा से कलाकारों को बुलाया गया है। इसके अलावा दिल्ली आसपास की कुछ टीमों सहित आश्रम के स्वयंसेवकों द्वारा तैयार झांकियां भी लोगों का मन मोह लेंगी। रात्रि 12 बजे लाला का जन्म होने पर उत्सव अपने चरम पर होगा जिसके बाद सभी को प्रसाद वितरण कर भगवान के जन्मोत्सव का संगी होने का सौभाग्य मिलेगा। इस आयोजन में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA