गीता जयंती महोत्सव में सिद्धदाता आश्रम ने की जोरदार भागीदारी
12-12-2021

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित गीता जयंती महोत्सव की शुरुआत आज हवन के साथ हुई। इस हवन को स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के आचार्यों एवं वेदपाठियों द्वारा संपन्न कराया गया। जिसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने पूर्णाहुति दी।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों का आश्रम के प्रदर्शनी स्टॉल पर भव्य स्वागत किया गया। सभी ने आश्रम के प्रकल्पों एवं प्रदर्शनी की भी प्रशंसा की। बता दें कि आश्रम के स्टॉल पर आने वाले हर आगंतुक के माथे पर तिलक लगाकर वेद की ऋचाओं के साथ स्वागत किया जा रहा है। उन्हें यहां प्रसाद एवं निशुल्क साहित्य भी पढऩे के लिए दिया जा रहा है। आश्रम की ओर से गीता जयंती महोत्सवों में प्रारंभ से ही भागीदारी की जाती रही है। इसलिए हर बार पिछली बार से कुछ अलग करने का प्रयास रहता है।

आने वालों को आश्रम के सेवा प्रकल्पों के बारे में बताने के लिए साहित्य के साथ साथ वॉल फ्लैक्स और एलईडी टीवी का भी प्रयोग किया गया है। इस पर आश्रम के टीजर चलाए जा रहे हैं। वहीं आश्रम के फेसबुक पेज पर भी इस महोत्सव के बारे में जानकारी दी जा रही है।

महाविद्यालय में गुरुकुल परंपरा के अनुसार शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी पूरे गणवेश में यहां भागीदारी कर रहे हैं। वह यहां वेद की ऋचाओं को, गीता के श्लाकों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इस बारे में आश्रम के अधिष्ठाता जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने बताया कि गीता मोह में फंसे अर्जुन के माध्यम से आज भी मोह में फंसे मानव को भगवान का दिया संदेश है। इसलिए यह आज भी प्रासंगिक है।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA