श्री सिद्धदाता आश्रम में मकर संक्रांति पर जरूरतमंदों को दिए राशन के पैकेट
14-01-2022

सूरजकुंड रोड सेक्टर 44 स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) में मकर संक्रांति का पर्व हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता जगदगुरु स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने सविधि पूजन किया और भक्तों को प्रसाद प्रदान किया।

उन्होंने आश्रम में जरूरतमंद लोगों को राशन भी प्रदान किया। राशन प्राप्त करने वाले यह लोग अरावली पर्वतों पर ही किसी प्रकार अपनी गुजर बसर करते हैं। उनके राशन पैकेट्स में आटा, दाल और चावल शामिल थे। जिससे कि उनकी जीविका को कुछ सहायता अवश्य ही मिल सकेगी। इस अवसर पर श्री गुरु महाराज ने कहा कि मकर राशि में सूर्य भगवान के प्रवेश के साथ ही वह उत्तरायण होने लगते हैं। आज से दिन बड़े होने लगते हैं और सर्दी का अनुभव कम होने लगता है। इस पर्व को हमारे जीवन में समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है। उन्होंने पूजन के दौरान लोककल्याण के लिए प्रार्थना की।

जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि उत्तरायण के बाद हालात बदलेंगे और भगवान भास्कर सूर्यदेव जनता पर आई महामारी की विपदा का हरण करेंगे। फिर भी हमें सरकार की ओर से बताई जा रही सभी सावधानियों को अपनाना जारी रखना है। उन्होंने यहां भक्तों को प्रसाद एवं आशीर्वाद भी प्रदान किया। इससे एक दिन पहले आश्रम में लोहड़ी का पर्व भी सविधि मनाया गया और सुंदरी मुंदरी के गीत गाए गए। स्वामीजी ने सभी को रेवड़ी, मूंगफली और फूले का प्रसाद प्रदान किया।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA