श्री सिद्धदाता आश्रम में सुदर्शन यज्ञ कर जनकल्याण के लिए की प्रार्थना
04-05-2022

श्री सिद्धदाता आश्रम के पांच दिवसीय 15वें ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन सुदर्शन यज्ञ का आयोजन हुआ जिसमें अधिष्ठाता श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने आहूति डाल लोककल्याण के लिए प्रार्थना की। यह कार्यक्रम 7 मई को भगवान श्रीमननारायण की शोभायात्रा के साथ संपन्न होगा।

श्री सिद्धदाता आश्रम के ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन सुदर्शन यज्ञ का आयोजन हुआ। इस यज्ञ द्वारा लोककल्याण की प्रार्थना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि जहां ब्रह्मोत्सव का आयोजन होता है वहां दूर दूर तक धन धान्य की प्रधानता हो जाती है और लोकजीवन खुशहाल रहता है। इस नजरिए से ब्रह्मोत्सव का आयोजन न केवल श्री सिद्धदाता आश्रम को मानने वालों, यहां आने वालों बल्कि आस पास क्षेत्र में रहने वालों के लिए भी कल्याणकारी है।

दक्षिण भारत के संत रामानुजाचार्य स्वामी के नाम से प्रसिद्ध श्री संप्रदाय के प्रमुख क्षेत्र श्री सिद्धदाता आश्रम एवं श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में हर वर्ष होने वाले ब्रह्मोत्सव हजारों की संख्या में देश विदेश से भक्त जुटते हैं। वहीं दक्षिण शैली में होने वाले पूजन को निहारना भी एक अनोखा अनुभव होता है। आश्रम के अधिपति श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने बताया कि यहां पांच दिनों तक चलने वाले ब्रह्मोत्सव का अंग होने में लोगों को हर प्रकार का लाभ होना निश्चित है। भगवान के पूजन में शामिल होने वालों को आदि दैविक, आदि दैहिक एवं आदि भौतिक परेशानियां नहीं सताती हैं।

उन्होंने बताया कि यहां 5 मई को भगवान श्री लक्ष्मीनारायण का विवाहोत्सव, 6 मई को श्री रामानुज जयंती पर शोभायात्रा एवं 7 मई को भगवान श्री लक्ष्मीनारायण एवं अन्य सभी देव विग्रहों के साथ विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों एवं अतिविशिष्ट अतिथि पधारेंगे।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA