संस्कृत एवं संस्कृति की रक्षा में निहित है भारत की सुरक्षा - स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज
15-08-2023

स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में बोले स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज |

फरीदाबाद। स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी ही धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के चेयरमैन जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने झंडारोहण किया।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त भारत का राष्ट्रीय पर्व है और इस पर्व को हर भारतीय जोश एवं उमंग के साथ मनाता है। देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना सभी भारतीयों की जिम्मेदारी है। हमें हमारे वीर शहीदों, स्वतंत्रता सैनानियों एवं क्रांतिकारियों के अथक संघर्ष के बाद प्राप्त हुई आजादी के मूल्य को समझना होगा। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी और तरक्की इसी में निहित है कि हम संस्कृत और अपनी संस्कृति का मूल्य समझें। स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। आज हम दुनिया की पांचवीं आर्थिक शक्ति हैं और जल्द ही तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं भक्तों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महाविद्यालय एवं वेद विद्यालय के छात्रों ने हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत भाषाओं में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिए वहीं योगासन का प्रदर्शन कर देशभक्ति का संदेश दिया। बता दें कि स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में शास्त्री तक निशुल्क शिक्षा बच्चों को दी जाती है और उन्हें यहां आवास, भोजन भी निशुल्क प्रदान किए जाते हैं। महाविद्यालय के छात्र देश भर में अपनी मेधा शक्ति के बल पर यश अर्जित कर रहे हैं। इस अवसर पर आश्रम स्थित यज्ञशाला में सर्वबाधा निवारण सर्वकल्याण यज्ञ भी किया गया।



लिस्टिंग के लिए वापस


Site by Magnon\TBWA